इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम:श्रीलंका को 302 रन से हराया

By: Dilip Kumar
11/2/2023 9:32:51 PM
नई दिल्ली

टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया। यह वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत ने 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। टीम ने 2007 में बरमूडा को 257 रन से हराया था। भारत ने इस वर्ल्ड कप में लगातार 7वां मैच जीता है और सेमीफाइनल में सबसे पहले जगह पक्की की है। भारत के 7 मैचों में 14 अंक हो गए और टीम टूर्नामेंट में अजेय है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 357 रन बनाए। दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 19.4 ओवर में 55 रन पर ऑलआउट कर दिया। टीम इंडिया से मोहम्मद शमी ने 5 मोहम्मद सिराज ने 3 और जसप्रीत बुमराह ने 1 विकेट लिए। एक विकेट स्पिनर रवींद्र जडेजा को मिला। इनसे पहले शुभमन गिल (92 बॉल पर 92 रन), विराट कोहली (94 बॉल पर 88 रन) और श्रेयस अय्यर (56 बॉल पर 82 रन) शतक बनाने से चूक गए।

भारत-श्रीलंका मैच के रोचक फैक्ट और रिकॉर्ड

  • कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 4018 इंटरनेशनल रन बना लिए हैं। वे श्रीलंकाई टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। सचिन तेंदुलकर श्रीलंका के खिलाफ 5108 रन बनाकर इस सूची के टॉप पर हैं।
  • कोहली ने वर्ल्ड कप में 13वीं बार 50+ स्कोर बनाया है। यह कोहली की इस वर्ल्ड कप में 5वीं फिफ्टी है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 12वीं फिफ्टी जमाई है। कोहली वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले नॉन-ओपनर बने हैं। उनसे ज्यादा सचिन तेंदुलकर ने 21 दफा 50+ स्कोर बनाया।
  • विराट कोहली एशिया में सबसे तेज 8 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 159 पारियों में यह कारनामा किया। कोहली ने सचिन तेंदुलकर (188 पारी), कुमार संगकारा (213 पारी) और सनथ जयसूर्या (254 पारी) के रिकॉर्ड तोड़ा।
  • कोहली ने 2023 में एक हजार से ज्यादा रन बना लिए हैं। उन्होंने 8वीं बार एक कैलेंडर इयर में 1000+ रन बनाए हैं। वे सबसे ज्यादा बार एक कैलेंडर इयर में एक हजार रन बनाने वाले बैटर बनाने हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। तेंदुलकर 7 दफा ऐसा कर चुके हैं।

comments