चार विश्वविद्यालयों में नए कुलपति नियुक्त

By: Dilip Kumar
2/18/2018 9:33:55 PM
नई दिल्ली

उत्तर प्रदेश के राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राम नाईक ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय इलाहाबाद, हर्टकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर तथा नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज विश्वविद्यालय फैजाबाद में कुलपति की नियुक्ति कर दी है।

श्री नाईक ने दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय इलाहाबाद, इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी लखनऊ के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. नरेन्द्र बहादुर सिंह को हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर, ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली के पशु विज्ञान विभाग की प्रो. नीलिमा गुप्ता को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर तथा भारतीय कृषि एवं अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के पूर्व उप महानिदेशक प्रो. जीसी संधु को नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज फैजाबाद का कुलपति नियुक्त किया है। कुलपतियों की नियुक्ति विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। यह जानकारी आज प्रमुख सचिव राज्यपाल जूथिका पाटणकर ने रविवार को यहां दी।


comments